लोहरदगा के भाजपा नेता की रांची में गोली मारकर हत्या
लोहरदगा/रांची : रांची से सटे लोहरदगा जिला के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की रांची के नगड़ी में गोली मारकर हत्या कर दी गयी. हत्यारे ने भाजपा नेता की कनपट्टी में सटाकर गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान पंकज गुप्ता के रूप में हुई है. नगड़ी थाना क्षेत्र के पिस्का रेलवे स्टेशन के पास स्थित रामलाल स्वीट्स के सामने हुई घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रांची-गुमला मार्ग को जाम कर दिया. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी है.
बताया जाता है कि लोहरदगा जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने पिस्का में जमीन खरीदी थी. पंकज की हत्या की जांच में जुटी पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा तो नहीं है. पुलिस ने बताया कि लोहरदगा के रहने वाले पंकज ट्रेन से उतरकर रामलाल की दुकान में चाय पी रहे थे.
इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोग आये और पंकज की कनपट्टी में सटाकर गोली मार दी. घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home