Monday, 5 March 2018

शौच गयीं महिलाओं का फोटो खींचने पर दो गांवों में रोड़ेबाजी, तीन पुलिसकर्मी सहित 9 घायल

शौच गयीं महिलाओं का फोटो खींचने पर दो गांवों में रोड़ेबाजी, तीन पुलिसकर्मी सहित 9 घायलभभुआ सदर : बिहार के भभुआ में शौच के दौरान फोटो खींचे जाने को लेकर रविवार की शाम भभुआ थाना क्षेत्र के गोराईपुर व हरिहरपुर गांवों के बीच जम कर रोड़ेबाजी हुई. सोमवार की सुबह भी उसी मसले को लेकर दोनों गांवों के लोग भिड़ गये. इसमें दोनों तरफ से जम कर पथराव किया गया. घटना की सूचना पाकर पहुंची भभुआ थाने की पुलिस पर भी बीच-बचाव के दौरान पथराव कर खदेड़ दिया. इसमें तीन पुलिसकर्मी सहित नौ लोग जख्मी हो गये. गंभीर रूप से जख्मी हरिहरपुर गांव के उपसरपंच को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है. पुलिस पर पथराव के घटना की सूचना मिलने पर थानेदार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बलों ने गोराईपुर गांव में पहुंच पत्थर बरसा रहे लोगों पर लाठियां चटकायीं और स्थिति को नियंत्रित किया. पथराव करनेवाले गोराईपुर गांव की दो महिलाओं सहित 17 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना ले आयी.

दरअसल, रविवार की शाम गोराईपुर गांव की कुछ लड़कियां व महिलाएं शौच के लिए गांव से सटे गोराईपुर हरिहरपुर रोड पर गयी थीं. इस दौरान हरिहरपुर के कुछ लड़कों ने शौच करने गयी गोराईपुर की लड़कियों व महिलाओं की फोटो खींच लिया. इसकी जानकारी महिलाओं ने आकर अपने गांव के लोगों को दी. इसके बाद आक्रोशित गोराईपुर के ग्रामीण हरिहरपुर गांव पहुंच गये और मारपीट पर उतारू हो गये. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया. हालांकि, कुछ जनप्रतिनिधियों की पहल से रविवार की शाम मामला शांत हो गया. लेकिन, सोमवार की सुबह एक बार फिर गोराईपुर गांव के लोगों ने रविवार को महिलाओं का फोटो खींचे जाने की घटना को लेकर हरिहरपुर गांव पर हमला बोल दिया. दोनों गांवों के ग्रामीण आपस में भिड़ गये. दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया. 

उक्त घटना की सूचना जब भभुआ थाने की पुलिस को मिली और भभुआ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच जब बीच-बचाव करने का प्रयास शुरू किया, तो गोराईपुर के ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया. इसमें एएसआई राम इकबाल यादव सहित तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गये. गोराईपुर के ग्रामीणों की तरफ से किये गये पथराव में हरिहरपुर के आधा दर्जन लोग भी जख्मी हुए हैं. इसमें हरिहरपुर के उपसरपंच शिवशंकर सिंह को गंभीर चोटें आयी हैं. उनका सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बनारस रेफर कर दिया गया. शेष घायल पांच लोगों का भभुआ सदर अस्पताल में ही इलाज किया गया.

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home