Friday, 16 March 2018

गया से लौट रहे पुलिस के वाहन ने दंपती को रौंदा, पति की मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क

सहरसा : पुलिस के अनियंत्रित वाहन ने शुक्रवार की सुबह टहलने निकले एक दंपती को रौंदते हुए सड़क किनारे ट्रांसफार्मर में धक्का मार दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर का पोल धराशायी हो गया. पुलिस वाहन के धक्के से पति की मौत हो गयी, जबकि पत्नी को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने सड़क जाम कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, गया से ट्रेनिंग कर लौट रहे पुलिस जवान से भरा वाहन सदर थाना क्षेत्र के रहुआ नहर के समीप टहलने के लिए निकले सौर बाजार के कचरा कढ़ैया निवासी कौशल किशोर शरण एवं शिक्षिका पत्नी रूबी कुमारी को शुक्रवार की सुबह रौंदते हुए सड़क किनारे ट्रांसफार्मर से टकरा गया. इस हादसे में 45 वर्षीय कौशल किशोर शरण की मौत हो गयी, जबकि 40 वर्षीया पत्नी रूबी कुमारी को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल ले जाया गया है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोग आक्रोशित हो गये और सड़क को जाम कर दिया. वहीं, मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंच चुके हैं. आक्रोशित लोगों की मांग है कि जब तक घायल रूबी कुमारी घटनास्थल पर नहीं आ जातीं, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जायेगा.

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home