Friday, 2 March 2018

बिहार में अपराधियों का दुस्साहस, दो युवकों को मार डाला, पत्रकार को चाकूओं से गोदा, पुलिस पर किया हमला

बिहार में अपराधियों का दुस्साहस, दो युवकों को मार डाला, पत्रकार को चाकूओं से गोदा, पुलिस पर किया हमलापटना/लखीसराय : आपसदी सद्भाव और प्रेम के पर्व होली के दिन बिहार में कई जगह खून की होली खेली गयी. अपराधियों ने दो लोगों की हत्या कर दी. किशनगंज में एक पत्रकार को चाकुओं से गोद दिया गया. राजधानी पटना में गिरफ्तारी से बचने के लिए नशे में डूबे दो युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया. इसमें एक सब इंस्पेक्टर घायल हो गया. वहीं, अंधाधुंध फायरिंग से समस्तीपुर दहल उठा.
राजधानी के आलमगंज इलाके में शुक्रवार की सुबह एक आपराधिक चरित्र के युवक की सरेआम गोली मारकर हत्‍या कर दी गयी. हत्या करने के बाद अपराधी आराम से फरार हो गये. एक अन्य घटना में बोरिंग केनाल रोड में गिरफ्तारी से बचने के लिए दो युवकों ने पुलिस पर हमला कर दिया. इधर, लखीसराय में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी, तो एक व्‍यक्ति की हत्‍या के लिए की गयी अंधाधुंध फायरिंग से समस्तीपुर जिला दहल उठा.
जानकारी के अनुसार, पटना के आमलगंज थाना अंतर्गत पश्चिम दरवाजा के निकट एक सैलून में एक युवक आकाश कुमार (22)  बाल कटवा रहा था. इसी दौरान अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्‍या कर दी. आलमगंज के थाना प्रभारी ने कहा कि मृतक का आपराधिक इतिहास है. वह हत्‍या व शराब के मामलों में सजा भुगत चुका है.
इधर, लखीसराय के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के अवगिल एवं नंदपुर गांव के बीच एनएच-80 के किनारे 25 साल के युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. बताया जाता है कि उसके गले में फंदा डालकर हत्या करने के बाद उसके शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
समस्तीपुर में फायरिंग से दहशत
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना के रुपौली गांव में एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की. गोलीबारी में कोई जख्मी नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी है. बताया जाता है कि चार लोग दो बाइक पर सवार होकर आये थे. जैसे ही बड़े सिंह पर उनकी नजर पड़ी, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज सुनकर जल्दी ही लोग उस ओर दौड़े. लोगों को आता देख अपराधी जान बचाकर भाग गये. उन्होंने अपनी बाइक भी छोड़ दी.

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home