इराक में मारे गये बिहार के पांच लोगों का शव लाया गया, मौत के साढ़े तीन वर्ष बाद अब अपनी जमीन हुई नसीब
पटना : पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर की चहलकदमी सोमवार शाम साढ़े सात बजे से ही बढ़नी शुरू हो गई थी. वहां नेताओं और समाजिक सरोकार रखने वाले लोगों का जमावड़ा होने लगा था. कवरेज के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भी बड़ी संख्या में जुटे थे.
लोग आपस में मोसुल की घटना और आईएसआईएस जैसे संगठनों के लड़ाकों की बर्बरता पर बात कर रहे थे. आठ बजे के बाद जब विमान नहीं पहुंचा तो आपसी चर्चा और भी तेज हो गई. लेकिन जैसे ही शवों को लेकर विशेष विमान लैंड हुआ, अचानक लोगों के जुबान पर खामोशी छा गई. कॉफीन ट्रॉली से उतार कर जब पुष्पांजलि स्थल पर रखा गया तो कई लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
इराक से सोमवार को विदेश राज्यमंत्री बीके सिंह के साथ वायुसेना के विशेष विमान से पटना पहुंचे पांच बिहारियों की हत्या साढ़े तीन वर्ष पहले 2014 में ही हो गयी थी, लेकिन उनको मिट्टी मंगलवार को नसीब होगी. इराक के एक कंस्ट्रक्शन कंंपनी में काम करने के लिए ये 2011 में वहां ठेकेदार के माध्यम से गये थे. आंखों में सपने थे पैसा कमा कर घर लौटने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी करने की.
लेकिन तीन वर्षों के बाद ही ये 35 अन्य भारतीयों के साथ आईएसआईएस आतंकियों के हत्थे चढ़ गये. बंधक बनाने और सामूहिक कत्लेआम के बाद आईएसआईएस के लड़ाकों ने इनको मोसूल शहर के उत्तर पश्चिम में स्थित बदशू गांव के कब्र में दफना दिया. संयोग से सामूहिक कत्लेआम से पहले एक बंधक भारतीय भागने में सफल रहा और उसने इनके कत्लेआम की सूचना अन्य लोगों को दी.
बाद में तीन वर्ष की लंबी अवधि बीतने के बाद भी जब इनका पता नहीं लगा तो परिजनों ने दबाव बनाना शुरू किया. जुलाई 2017 में मामले की तप्तीश के लिए विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह इराक गये. अक्तूबर, 2017 में डीएनए सैंपल लिये गये और दिसंबर में कब्र से निकाल कर शवों के साथ उनकी मैचिंग शुरू हुई, जिससे मृतकों की पहचान हो सकी.
पटना एयरपोर्ट पर रात 9:32 बजे पहुंचा विमान
पटना एयरपोर्ट पर रात 8 बजे विमान के पहुंचने का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन निर्धारित समय से 1.32 घंटा की देरी से 9.32 में विशेष विमान पटना एयरपोर्ट पहुंची. विमान के देरी की शुरूआत अमृतसर से ही हो गई थी.
via parbht khabr
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home