Tuesday, 17 October 2017

बिहार : बीएसएससी में 10 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का रास्ता होगा साफ
Prabhat Khabar

कवायद : परीक्षाओं और रिजल्ट पर बिहार कर्मचारी चयन आयोग हुआ सक्रिय
पटना :मानव संसाधन की भारी कमी से जूझ रहा बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) लंबित कार्यों को पूरा करने में जुटा है. सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो अगले एक-दो माह में 10 हजार से अधिक पदों पर भर्तियों का रास्ता साफ होगा.
बता दें कि फरवरी में पर्चा लीक मामले के खुलासा के बाद आयोग की चाल सुस्त पड़ गयी थी. अब इसे फिर से रफ्तार देते हुए लंबित कामों को पूरा करने पर जोर है.
खाली पड़े हैं पद : बीएसएससी में काफी सारे पद खाली पड़े हैं. यहां ज्वाइंट सेक्रेटरी के तीनों पद खाली हैं. आयोग में चार सदस्य हैं, इसमें एक खाली है. सहायक के 27 में 16 पद रिक्त हैं.
विभागों में खाली पदों को लेकर ये है स्थिति...
यूनानी मिश्रक : 19 पदों के लिये आवेदन मांगे गये थे. 84 आवेदन मिले. 7-8 अक्तूबर की परीक्षा भी करायी गयी. अब रिजल्ट की तैयारी चल रही है.
होमियोपैथिक मिश्रक : 25 पदों के लिये 236 आवेदन मिले थे. परीक्षा हो गयी है. अब आगे की प्रक्रिया चल रही है.
ईसीजी तकनीशियन : 67 पदों के लिये 221 आवेदन मिले थे. इसमें साक्षात्कार हो गया है.
स्वच्छता निरीक्षक : 276 पदों के लिये 1202 आवेदन मिले थी. परीक्षा अभी नहीं हुई है.
चालक : 466 पदों पर भर्ती के लिये अभी परीक्षा होनी बाकी है. 18919 आवेदन मिले हैं.
कनीय अभियंता : 2030 पदों के लिये 11115 आवेदन प्राप्त. परीक्षा अभी नहीं हो पाई है.
महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता : 7000 पदों के लिये 21,669 आवेदन आये. काउंसिलिंग की तैयारी है.
एक्स-रे तकनीशियन : एक्स-रे तकनीशियन के 215 पदों के लिये 275 आवेदन मिले हैं.
ओटी असिस्टेंट : 236 पद के लिये 312 आवेदन प्राप्त. फिर से साक्षात्कार कराने की तैयारी है.
प्रयोगशाला प्रावैधिकी : 1772 पदों पर भर्ती होनी है. पर साक्षात्कार नहीं हो सका है.
कृषि समन्वयक : 4391 पदों के लिये 15124 आवेदन मिले थे. दो हजार से अधिक मामले में नियुक्ति का आदेश जारी हो गया है, फिर भी जांच हो रही है. मेरिट बनेगी, इसके बाद ही घोषणा होगी.
अंबेडकर आवासीय विद्यालयों में प्राथमिक शिक्षक : 272 पदों के लिये 9241 आवेदन मिले हैं. परीक्षा बाकी.
आशुलिपिक : 326 पदों के लिये 9157 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इसकी भी परीक्षा नहीं हो पाई है.
नगर प्रबंधक : 152 पदों के लिये 9625 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. परीक्षा कराने की तैयारी है.
इंटरमीडिएट स्तर के 18.50 लाख आवेदन हैं. इसकी परीक्षा करानी प्राथमिकता में है. इसके बाद शेष पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया एक-दो माह में पूरी कर ली जायेगी. अभावों के बावजूद काम में तेजी लाने के निर्देश दे दिये गये हैं. उम्मीद है इस साल के अंत तक अधिकतर काम निबटा लिये जायेंगे.
संजीव कुमार सिन्हा, अध्यक्ष, बीएसएससी
असैनिक न्यायाधीश पदों पर नियुक्ति में आरक्षण स्थिति बदली : 29वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या 01/2016) के लिये सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से दो फरवरी को आरक्षण कोटिवार रिक्तियों के बारे में 19 मई को सूचना प्रकाशित की गयी थी.
यह व्यवस्था असैनिक न्यायाधीश (कनीय कोटि) 194 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिये लागू थी. बीपीएससी के सचिव व परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि अब इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने 10 अक्तूबर को फिर से पत्र भेजकर संशोधन किया है.
संशोधित आरक्षण कोटिवार (रोस्टर क्लीयरेंस के साथ) अब इस तरह का रहेगा. अनारक्षित-103 (महिला-37 पद), अनुसूचित जाति-33 (महिला-12 पद), अनुसूचित जनजाति-02 (महिला-01 पद), अत्यंत पिछड़ा वर्ग-34 (महिला-12 पद), पिछड़ा वर्ग-22 (महिला-07 पद) तथा अस्थि विकलांग के लिये क्षैतिज आरक्षण के तहत दो पद हैं.
खनिज विकास पदाधिकारी के 23 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित : खान एवं भूतत्व विभाग में खनिज विकास पदाधिकारी के पदों पर नियुक्ति के लिये आवेदन मांगे गये थे. बिहार लोक सेवा आयोग ने कहा है कि आवेदनों के अर्हता निर्धारण के क्रम में आयोग की पूरी पीठ की बैठक में 23 उम्मीदवारों को औपबंधिक रूप से अयोग्य घोषित किया गया है.
संदर्भ पढ़ें रिपोर्ट
1डिसलाइक

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home