Thursday, 29 March 2018

वार्ड सदस्य एवं मुखिया 20 शौचालयों का निर्माण कराएं-कटिहार जिला पदाधिकारी

समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला जल स्वच्छता समिति की गतिविधियों एवं इंदिरा आवास निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक करते हुए जिला पदाधिकारी, मिथिलेश मिश्र ने कहा कि आगामी 10 अप्रैल को चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष का समापन पश्चिम चंपारण में होना है, जिसमें जिले में स्वच्छता एवं शौचालय निर्माण की दिशा में कार्यरत स्वच्छाग्रहियों एवं अन्य पदाधिकारियों को भाग लेना है। जिले का चयनित जत्था 9 अप्रैल को पश्चिम चंपारण के लिए रवाना होगा। उन्होंने ने बताया कि 10 अप्रैल तक जिले में 50,000 शौचालय के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इस अवधि में इस अभियान को गति प्रदान करने के लिए पूर्वोत्तर भारत के 100 से भी अधिक स्वच्छाग्रही कटिहार आ रहे हैं, जिनका सहयोग भी प्राप्त होगा।उन्होंने सभी वार्ड सदस्यों एवं मुखिया को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक वार्डों में प्रतिदिन कम-से-कम 20-20 शौचालयों का निर्माण हर हाल में सुनिश्चित कराएं, ताकि इस लक्ष्य को भी हम सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकें।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कटिहार के प्रखंड समन्वयक को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी आवेदन शौचालय निर्माण के प्राप्त हुए हैं उन्हें अविलंब अपलोड कराएं। सभी प्रखंड समन्वयक ओ.डी.ई.पी. प्लान अविलंब समर्पित करें। शौचालय निर्माण एवं स्वच्छता अभियान के कार्यों में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं होगी।उन्होंने सभी प्रखंड समन्वयकों को चेतावनी देते हुए कहा कि 10 अप्रैल तक यदि इस दिशा में यथोचित प्रगति नहीं पाई गई, तो कार्यमुक्त किए जाएंगे।उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शौचालय निर्माण अभियान के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करें एवं संबंधित कार्य को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाएं। निर्मित शौचालयों की जियो टैगिंग की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे अविलंब पूरा करने का भी निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2013-14 से 2015-16 तक निर्मित अथवा निर्माणाधीन इंदिरा आवास के प्रगति की समीक्षा किया एवं निर्देश देते हुए कहा कि जिन लाभुकों ने इंदिरा आवासों के लिए राशि प्राप्ति के बाद भी आवास नहीं बनाए हैं, उनके विरुद्ध नीलाम पत्र वाद की कार्रवाई अविलंब सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, डीआरडीए के निदेशक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड समन्वयक, जीविका के डीपीएम एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक सहित जिला जल स्वच्छता समिति एवं डीआरडीए के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
FacebookT

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home