कटिहार-बरौनी रेलखंड के नवगछिया स्टेशन का निरीक्षण
नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड के नवगछिया स्टेशन का शनिवार को पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एलसी त्रिवेदी ने निरीक्षण किया. उन्होंने रिले रूम, यूटीएस टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, महिला-पुरुष वेटिंग रूम, प्रथम श्रेणी वेटिंग रूम, नवनिर्मित डीआरएम कैंप कार्यालय, स्टेशन परिसर स्थित खान पान की दुकानों का निरीक्षण किया. साथ में डीआरएम अतुल्य सिन्हा, सीओएम सलील झा, सीनियर डीसीएम एनके पांडेय, वीरेंद्र लाल, आरपीएफ डीआइजी सहित रेलवे के कई पदाधिकारी साथ में थे.
स्थानीय लोगों ने बतायी स्टेशन की समस्या : आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने स्टेशन की समस्याओं से जीएम को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि नवगछिया स्टेशन पर शेड का अभाव है. बारिश होने पर स्टेशन परिसर में जलजमाव हो जाता है. स्टेशन पर यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं रहती है. यात्रियों को खड़े-खड़े ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है. स्टेशन पर राजधानी सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होता है. शेड की कमी के कारण यात्री बारिश में भींग कर ट्रेन पर चढ़ते हैं. स्टेशन का पैदल पुल भी जर्जर हो चुका है. तीन नंबर प्लेटफाॅर्म के दूसरी ओर प्लेटफाॅर्म नहीं होने से यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि स्टेशन के पूर्बी केबिन पर वर्षों से फ्लाइ ओवरब्रिज निर्माणाधीन है. दो वर्षों से नवगछिया स्टेशन आने वाली सड़क जर्जर हालत में है.
जीएम ने जून तक सड़क का निर्माण कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया. फ्लाइ ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि आधा काम रेलवे को और आधा बिहार सरकार को कराना है. रेलवे का काम लगभग पूरा होने को है. जीएम ने डीआरएम को निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर जलजमाव की समस्या दूर की जाये और शेड की जहां कमी है वहां इसका निर्माण कराया जाये.
नवगछिया स्टेशन की आय प्रतिदिन ढाई लाख : जीएम के पूछे जाने पर सीनियर डीसीएम एनके पांडेय ने बताया कि नवगछिया स्टेशन से प्रतिदिन औसतन दो हजार आठ सौ यात्री यूटीएस टिकट से यात्रा करते हैं. इनसे कुल एक लाख 52 हजार की आय होती है. पीएस के यात्री प्रतिदिन दो सौ होती है, जिनसे एक लाख दस हजार की आय आती है. इसके अलावा नवगछिया में तीन माह में मालवाहक ट्रेनों से 12 करोड़ 22 लाख की आय हुई है. बीते वर्ष में यह आय 11 करोड़ 75 लाख थी.
स्टेशन अधीक्षक व प्वाइंटमैन पुरस्कृत : जीएम ने नवगछिया स्टेशन के अधीक्षक नंद किशोर तिवारी और प्वाइंटमैन प्रीतम कुमार को उत्कृष्ट सेवा योग्यता प्रमाणपत्र दिया. इन्हें एक-एक हजार रुपये का चेक भी दिया गया.
जीएम को सौंपा ज्ञापन : आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने जीएम को ज्ञापन सौंपा. स्टेशन आने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत कराने, 11 नंबर गेट पर बन रहे रेल ओवरब्रिज का अविलंब निर्माण कराने, नवगछिया, खरीक, बिहपुर व नारायणपुर स्टेशनों पर पर्याप्त शेड और प्लेटफाॅर्म चार का निर्माण कराने, तीन फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांगें शामिल हैं.
इन ट्रेनों के ठहराव की मांग : नवगछिया स्टेशन पर डिब्रूगढ़ अमृतसर, नयी दिल्ली राजधानी, गुवाहाटी नयी दिल्ली, संपर्क क्रांति, गांधी धाम, न्यूजलपाईगुड़ी नयी दिल्ली, हमसफर, कर्मभूमि एक्सप्रेस, न्यूजलपाईगुड़ी उदयपुर सिटी एक्सप्रेस का ठहराव देने की मांग की.
बिहपुर में ऊंचा होगा प्लेटफाॅर्म, रुकेंगी दो एक्सप्रेस ट्रेनें
via p khabar
Labels: khabar seemanchal

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home