अब होगा स्टीव स्मिथ के भविष्य का फैसला, क्रिकेट आस्ट्रेलिया की आपात बैठक में हो सकता है ऐसा
नई दिल्ली: क्रिकेट आस्ट्रेलिया की गेंद से छेड़खानी के मामले में आज दक्षिण अफ्रीका में आपात बैठक होगी जिसमें कोच कोच डेरेन लीमन और कप्तान स्टीव स्मिथ के भविष्य का फैसला किया जाएगा. क्रिकेट आस्ट्रेलिया के प्रमुख जेम्स सदरलैंड पर कड़ा फैसला करने के लिये भारी दबाव है क्योंकि आस्ट्रेलियाई मीडिया ने टीम संस्कृति को बदहाल करार दिया है. वह आज जोहानिसबर्ग पहुंचेंगे जहां वह इस संस्था की आचार संहिता संबंधी समिति के प्रमुख इयान राय से मिलेंगे. सदरलैंड और राय कड़े फैसले कर सकते हैं और रिपोर्टों के अनुसार वे स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाकर उन्हें स्वदेश भेज सकते हैं. स्मिथ गेंद से छेड़खानी की योजना बनाने में शामिल होने के कारण पहले ही एक मैच का प्रतिबंध झेल रहे हैं जो उन पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने लगाया है. स्मिथ के साथी कैमरन बैनक्राफ्ट को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करते हुए पाया गया था. इसका मतलब है कि वह जोहानिसबर्ग में शुक्रवार से शुरू होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे.
लीमन इस विवाद के शुरू होने के बाद से ही चुप्पी साधे हुए हैं लेकिन ब्रिटिश टेलीग्राफ के अनुसार उन्होंने अपना पद छोड़ने का फैसला कर लिया है जो कि तुरंत प्रभाव से लागू होगा. इसका मतलब है कि वह भी इस टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे. लीमन 2013 में टीम के कोच बने थे जब मिकी आर्थर को बर्खास्त किया गया था. जस्टिन लैंगर को उनका स्थान लेने के लिये मजबूत दावेदार माना जा रहा है हालांकि रिकी पोंटिंग का नाम भी चर्चा में है.
सदरलैंड ने क्रिकेट प्रेमियों को भेजे ईमेल में कहा, ‘‘हम बुधवार की सुबह तक आस्ट्रेलियाई जनता को जांच और परिणामों से अवगत कराने की स्थिति में रहेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस स्थिति पर सभी के सरोकारों को समझते हैं तथा हम इसमें शामिल संबंधित मुद्दों से अच्छी तरह से निबटने के लिये उचित प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं. ’’
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home