मुंबई अग्निकांड : बीएमसी ने 314 अवैध ढांचों को ध्वस्त किया, सात होटल सील
मुंबई : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को 314 स्थानों पर अवैध ढांचों को गिरा दिया और सात होटल सील कर दिये. एक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत होने के एक दिन बाद यह कार्रवाई की गयी. बीएमसी ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि उसने शहर में और उपनगरों में 624 रेस्तरां, ढाबों और मॉल का निरीक्षण किया और 314 स्थानों पर खड़े अवैध एवं अनधिकृत ढांचों को ध्वस्त कर दिया.इसने कहा, बीएमसी ने कार्रवाई के दौरान सात होटल सील कर दिये और 417 एलपीजी सिलेंडर जब्त किये. इस बीच, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोअर परेल स्थित पब 1 एबव के सह मालिकों हितेश सांघवी और जिगर सांघवी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है. पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में कल सांघवी बंधुओं, एक अन्य सह मालिक अभिजीत मनका और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया. निरीक्षण अभियान का ब्योरा देते हुए बीएमसी प्रवक्ता राम दोतोंडे ने बताया कि नगर निकाय के करीब 1000 अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस कार्य में हिस्सा लिया. दोतोंडे ने बताया कि न सिर्फ मध्य मुंबई, बल्कि मलाड और मुलुंद सहित दूर दराज के इलाकों में अनधिकृत होटल और रेस्तरां कार्रवाई का सामना कर रहे हैं.
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home