बिहार : सड़क सुरक्षा को लेकर CM की उच्चस्तरीय बैठक, कहा, हर नयी सड़क पर बने फुट ओवरब्रिज और अंडरपास
पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पथ निर्माण और ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अब जो भी नयी सड़कें बनें, उसमे अंडर पास और फुट ओवरब्रिज की भी जरूरत के मुताबिक व्यवस्था करें. उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज का डिजाइन और स्लोप ऐसा होना चाहिए कि दिव्यांग व्यक्ति और जानवर भी आसानी से पार कर सकें. सड़क सुरक्षा पर विचार करने के लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने का भी निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने रांची से लौटने के बाद रविवार को देर शाम एक अणे मार्ग स्थित ‘विमर्श’ में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा के मद्देनजर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की.
बैठक में शनिवार को मुजफ्फरपुर में सड़क हादसे में बच्चों की मौत से मुख्यमंत्री काफी मर्माहत दिखे. उन्होंने कहा कि यह घटना विचलित करने वाली है और बहुत ही दु:खद है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 करोड़ की आबादी वाले 94 हजार किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले बिहार के अर्बन, सेमी अर्बन, रूरल जैसे हर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए कुछ अलग तरीके से सोचने और करने की आवश्यकता है. उन्होंने विकास आयुक्त की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के उच्चस्तरीय अधिकारियों की एक कमेटी बनाने का निर्देश दिया, जो इस संबंध में हर पहलू पर विचार कर अपना मंतव्य दे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन फील्ड, नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और फोर लेन सड़कों के बनने का काम तो जारी रहेगा लेकिन बिहार की आबादी के घनत्व को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि इस तरह के हादसों से लोगों को बचाया जा सके.
सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
Labels: khabar seemanchal

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home