Thursday, 1 March 2018

होली से पहले छपरा में बेघर हुए आधा दर्जन परिवार, इंदिरा आवास के 40 हजार रुपये व लाखों की संपत्ति खाक

डोरीगंज (छपरा) : सदर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के कोटवापट्टी रामपुर पंचायत स्थित चकिया गांव में होलिका दहन की पूर्व संध्या (बुधवार) शाॅर्ट सर्किट के कारण आधा दर्जन मजदूर परिवारों का घर जलकर राख हो गया. इसमें इंदिरा आवास के लिए मिले 40 हजार रुपये समेत 60 हजार नकद के साथ-साथ कपड़े, बर्तन, जेवर, अनाज व घरेलू उपयोग के अन्य सामान, जिसकी कीमत लाखों रुपये में है, खाक हो गये.


जानकारी के अनुसार, झोपड़ियों के ऊपर से गुजरे विद्युत तार में शाम करीब 6 बजे तेज रोशनी के साथ अचानक स्पार्किंग हुई. स्थानीय लोग विद्युत विभाग को फोन कर ही रहे थे कि रामानंद राय की झोपड़ी पर एक चिंगारी गिरी. देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया.
आग ने पास की 5 अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग का विकराल रूप देखकर वे पीछे हटने को मजबूर हो गये. लोगों ने बाद में मिट्टी, बालू व  हैंडपंप के पानी से आग बुझाने की कोशिशें जारी रखीं. घंटों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका. तब तक सब कुछ राख हो चुका था.
बताया जाता है कि रामानंद राय, बालदेव राय, हरि महेश राय, परमा राय, लालू राय तथा चांददेव राय समेत आधा दर्जन मजदूर परिवारों की झोपड़ियां जलकर राख हो गयीं. अगलगी में रामानंद राय को इंदिरा आवास योजना से मिली नकद 40 हजार रुपये की पहली किस्त भी आग की भेट चढ़ गयी.

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home