Monday, 26 March 2018

धर्म के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, क्या राम ने कहा था पिस्तौल और तलवार लेकर जुलूस निकालें : ममता

धर्म के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, क्या राम ने कहा था पिस्तौल और तलवार लेकर जुलूस निकालें : ममताकोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धर्म के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बंगाल की धरती पर धर्म के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
उन्‍होंने दक्षिण 24 परगना की प्रशासनिक बैठक के अवसर पर कहा कि यह बंगाल की संस्कृति नहीं है. इसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक व सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अस्त्र जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया. ममता ने पूछा, क्या भगवान राम ने कभी कहा है कि उनके नाम पर पिस्तौल और तलवार लेकर जुलूस निकालें? हम लोगों ने अपने ग्रंथों में पढ़ा है कि राम ने रावण से तीर और धनुष से युद्ध किया था. कुछ उपद्रवी राम को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. क्या हम कानून और व्यवस्था उनके हाथ में छोड़ दें. क्या अब वे प्रशासन चलायेंगे.
मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, हम लोग दुर्गा, काली, सरस्वती, गणपति, लक्ष्मी व बासंती की पूजा करते हैं. हम लोग सभी त्योहार का पालन शांति व सौहार्द्र से करते हैं. हम लोग ईद और क्रिसमस भी मनाते हैं. हम लोगों ने शांतिपूर्ण जुलूस निकालने की अनुमति दी थी. सभी लोगों को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है, लेकिन पिस्तौल लेकर चलना और राम के नाम पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जायेगी. 
मैंने प्रशासन को कड़ा निर्देश दिया कि हथियार के साथ जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे. कुछ लोग धर्म के नाम पर संगठन खोल रहे हैं और धर्म के नाम पर बिजनेस कर रहे हैं. वे धर्म के नाम पर कलंक हैं. लोगों की हत्या करना कभी भी राजनीति का अंग नहीं हो सकता है. उन्होंने कहा, रविवार जो हम लोगों ने देखा वह एक पार्टी का कार्य था.
सोमवार को मैंने अखबारों में पढ़ा कि वे जुलूस में पिस्तौल लेकर चल रहे थे. टीवी में देखा कि हाथ में तलवार लेकर चल रहे थे. क्या राम ने कभी तलवार हाथ में लिया था ? वे लोग नये धर्म का आयात (हिंसा) कर रहे हैं और पूरे देश को जीतने का सपना देख रहे हैं. वह इसका सख्त विरोध करती हैं और इसकी निंदा करती हैं.

Labels:

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home