बिहार उपचुनाव : भभुआ-जहानाबाद में सीएम की सभाएं, कहा, शराबबंदी के बाद वही लोग बोल रहे हैं, जो धंधेबाज हैं
कार्यालय : जो लोग शराबबंदी के समर्थन में बनी मानव शृंखला में हमारे साथ खड़े थे, वही लोग आज शराबबंदी के खिलाफ बोल रहे हैं और शराबबंदी के खिलाफ वही लोग बोल रहे हैं जो शराब के धंधेबाज हैं. हमारी प्रतिबद्धता लोगों की सेवा है.
लेकिन, उनलोगों की प्रतिबद्धता मेवा पाने की है. ये बातें गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भभुआ जगजीवन स्टेडियम में भभुआ विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रिंकी रानी पांडेय के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही.
सभा के दौरान नीतीश कुमार ने उपस्थिति भीड़ से पूछ कर भाजपा प्रत्याशी रिंकी रानी पांडेय के आंचल में माला डालते हुए कहा कि आप के कहने पर हमने इन्हें जीत की माला डाल दी है. अब आपकी जवाबदेही है कि इन्हें जिताएं.
काम के आधार वोट : सीएम ने कहा, लगभग 45 मिनट के अपने भाषण में शराबबंदी, विकास एवं महागठबंधन से अलग होने सहित सभी मुद्दों पर राजद व कांग्रेस को घेरा.हम काम करने में विश्वास करते हैं और कुछ लोग तकरार करने में. 12 साल में मैंने लोगों को लड़ाया नहीं, बल्कि समाज में सौहार्द एवं शांति स्थापित किया है. हमने अपने शासनकाल में न्याय के साथ विकास किया है.
बिहार के हर इलाके व हर समाज में विकास हुआ, यहीं हमारा लक्ष्य है और इसी को ध्यान में रखकर हम विकास कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम आज अपने काम के आधार पर वोट मांगने आये हैं.
विकास के साथ समाज सुधार की दिशा में भी हो रहा कार्य
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार विकास के साथ-साथ समाज सुधार की दिशा में भी कार्य कर रही है. अगले चार सालों में हर घर में नल का जल इस साल के अंत तक हर घर में बिजली उपलब्ध करायी जायेगी. सिंचाई एवं पानी के साथ-साथ कृषि रोड मैप पर भी कार्य चल रहा है.
Labels: khabar seemanchal

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home