Friday, 2 February 2018

#BIHAR : नेचुरल डेयरी में गैस से दम घुटने से तीन की मौत, कमरे में मिला बुझा अलाव और खून के धब्बे

#BIHAR : नेचुरल डेयरी में गैस से दम घुटने से तीन की मौत,  कमरे में मिला बुझा अलाव और खून के धब्बेपटना : पाटलिपुत्र थाने के इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार की देर रात नेचुरल डेयरी प्राइवेट लिमिटेड संस्थान के अंदर कोल्ड रूम में तीन टेक्नीशियन उदय दास, इंद्रजीत दास व अभिमन्यू वेरा की कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गयी. ये तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे. तीनों के शव को एंबुलेंस से पीएमसीएच भेज दिया. जानकारी के मुताबिक घटना के बाद संस्थान प्रशासन ने पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रहा था. 
 
इस बात की पोल उस समय खुली जब पश्चिम बंगाल से उन तीनों टेक्नीशियन के वापस नहीं लौटने पर उनके कंपनी के लोगों ने नाराजगी जतायी. इसके बाद ये बात सामने आयी कि तीनों टेक्नीशियन की मौत हो गयी है. इसके बाद गुरुवार को मामला पटना पुलिस तक पहुंचा. 
 
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी, विधि व्यवस्था डीएसपी डॉ मो शिबली नोमानी व पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष दल-बल के साथ संस्थान के अंदर पहुंचे. इसके साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी अपने स्तर पर जांच करने के लिए संस्थान में पहुंच गये. देर रात तक जांच हो रही थी. जिस कमरे में घटना हुई थी, उसे सील कर दिया गया था. जांच करने गयी टीम ने संस्थान के अधिकारियों से पूछताछ की.
 
कमरे में मिला बुझा अलाव और खून के धब्बे 
जिस कमरे में उन तीनों की मौत हुई थी, वहां अलाव से जुड़े सामान कोयला व लकड़ी मिले.बुझा हुआ अलाव भी बरामद किया गया. कमरे में खून के धब्बे भी मिले. इसके अलावा तीन में से दो के नाक से खून निकल रहा था.  हालात देख कर प्रथम दृष्टया यह संभावना जतायी जा रही है कि कमरा बंद होने से अलाव के कारण कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भरने से तीनों की मौत हो गयी और नाक से खून भी निकले.  सूत्रों की मानें तो वहां ब्यॉलर फटने व गैस रिसाव होने की जानकारी मिली थी. हालांकि जांच के दौरान फिलहाल यह बात गलत निकली है.

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home