IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ मैच आज, जीती तो फाइनल में पहुंच जाएगी रोहित शर्मा ब्रिगेड
कोलंबो: निधास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 सीरीज में रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम फाइनल का टिकट 'हासिल करने' के इरादे से उतरेगी. टीम को अब से कुछ ही देर बाद बांग्लादेश का सामना करना है. भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है. ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीतते ही वह फाइनल में स्थान बना लेगी.वैसे भी, भारतीय टीम को बांग्लादेश के मुकाबले मजबूत माना जा रहा है लेकिन टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका से मिली अप्रत्याशित हार के बाद टीम इंडिया अपने आखिरी लीग मैच में किसी भी तरह के प्रयोग से बचना चाहेगी. वैसे, भारतीय टीम यदि आज मैच हारती भी है तो भी फाइनल प्रवेश के उसके रास्ते बंद नहीं होंगे लेकिन ऐसे में उसे बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच के नतीजे पर निर्भर रहना होगा. नेट रनरेट भी ऐसे में मायने रखेगा.भारत के लिये सबसे बड़ी चिंता कप्तान रोहित शर्मा का खराब फॉर्म है.सुरेश रैना के लिहाज से भी यह टूर्नामेंट महत्वपूर्ण है. उन्हें अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा. दिनेश कार्तिक ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 25 गेंद में 39 रन बनाए जिससे ऋषभ पंत को अब बेंच पर ही बैठना होगा. इस मैच में भारतीय गेंदबाजों के सामने प्रमुख चुनौती बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की होगी. भारतीय टीम ने अपने पिछले मैच में बांग्लादेश को 139 रन पर रोक दिया था लेकिन अगले मैच में तमीम इकबाल, लिटन दास और मुशफिकर रहीम ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर 'धुलाई' की. इस मैच में बांग्लादेश ने 200 से अधिक का स्कोर सफलतापूर्वक चेज करते हुए धमाकेदार जीत हासिल की थी. गेंदबाजी में आईपीएल के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी जयदेव उनादकट ( 11 . 5 करोड़ रुपये ) तीनों मैचों में महंगे साबित हुए. शारदुल ठाकुर ने दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है स्पिनर वाशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है.
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home