आज नहीं, कल होगा श्रीदेवी का अंतिम संस्कार, बोट क्लब पर होगी शांति प्रार्थना
मुंबई : बॉलीवुड की ‘चांदनी’ का अंतिम संस्कार अब मंगलवार को होगा. दुबई में कागजी कार्रवाई में हो रही देरी की वजह से बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में एक श्रीदेवी के अंतिम संस्कार में देरी हो रही है.
उम्मीद है कि सोमवार की शाम तक उनका शव मुंबई पहुंच जायेगा. थोड़ी देर पहले खलीज टाइम्स ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि भारत की बेहद खूबसूरत अभिनेत्री का शव अब तक मोर्ग (शव गृह) में ही है. कागजी कार्रवाई पूरी करने में 2 घंटे और लग सकते हैं. इसके बाद ही शव को भारत ले जाने की अनुमति दी जायेगी.
इससे पहले, भारतीय कौंसुलेट के अधिकारियों ने कहा था कि दो बजे (दुबई के स्थानीय समय के अनुसार) तक सारी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली जायेगी. उसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत ले जाने की अनुमति दे दी जायेगी. अभिनेत्री के रिश्तेदार सौरभ मल्होत्रा को 2 बजे भारत के लिए निकलने के लिए कहा गया है. श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए अनिल अंबानी का प्राइवेट जेट दुबई में मौजूद है.
इस बीच, टाइम्स ऑफ इंडिया ने कहा है कि श्रीदेवी की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई थी. ज्ञात हो कि शनिवार को श्रीदेवी का शव दुबई के जुमेरा अमीरात टावर होटल के बाथरूम में मिला था. वह अपने पति बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शरीक होने के लिए दुबई गयीं थीं.
इधर, फिल्मफेयर ने एक रिपोर्ट ट्वीट की है, जिसमें कहा गया है कि पांच दशक तक सिने प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा. इससे पहले मुंबई में बोट क्लब पर उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जायेगा. प्रार्थना सभा में फिल्म जगत की मशहूर हस्तियां शरीक होंगी. इसके बाद पवन हंस श्मशान घाट में श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया जायेगा.
इससे पहले कहा गया था कि बॉलीवुड की पहली फिमेल सुपरस्टार श्रीदेवी का पार्थिव देह भारतीय समय के अनुसार 3:30 बजे दुबई से रवाना होगा. इसके साथ ही मुंबई में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गयी थी. पवन हंस श्मशान घाट में फॉगिंग की गयी.
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home