पप्पू बोले राजनीति में परिवारवाद कोई मुद्दा नहीं

जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि राजनीति में परिवारवाद कोई मुद्दा नहीं रह गया है। आज पटना में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव के मामले में जन अधिकार पार्टी (लो) कानून के साथ है। सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि श्री कुमार अपनी सत्ता और कुर्सी बचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकाशपर्व के नाम पर नीतीश कुमार की मार्केटिंग जायज नहीं है।
सांसद श्री यादव ने पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि आगामी 6 जनवरी को नियोजित शिक्षकों और संविदाकर्मियों के साथ जन अधिकार पार्टी (लो) जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। 27 जनवरी को राजभवन मार्च किया जाएगा और इसके बाद घेरा डालो, डेरा डालो आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता शिक्षा माफिया और मेडिकल माफिया के खिलाफ उनके कार्यालय और क्लिनिकों के बाहर डेरा डालेंगे। सांसद ने सरकार से सही डॉक्टरों की सूची जारी करने की मांग भी की।
श्री यादव ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) सभी विश्वविद्यालयों में पप्पू जन आहार कैंटीन की शुरुआत करेगी। पहला कैंटिन 7 जनवरी को पटना विश्वविद्यालय में खोला जाएगा। इसके बाद अन्य विश्वविद्यालयों में इसकी शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज के टाइम पर प्राइवेट कोचिंग का पार्टी विरोध करेगी। सांसद ने राज्य में बढते अपराध पर चिंता भी जतायी।
Labels: khabar seemanchal

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home