बिहार : पुलिसकर्मियों ने भाई-बहन को पीटा, सीएम के गुजरने के पहले लोगों ने एनएच को किया जाम
बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले में बाइक टकरा जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने भाई-बहन के साथ मारपीट की. इस घटना के बाद जिले में एक कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गुजरने के पहले स्थानीय लोगों ने एनएच-31 को अवरुद्ध कर दिया. बलिया के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बलिया थाना अंतर्गत स्टेशन चौक के निकट टक्कर के बाद बाइक पर सवार दो पुलिसकर्मियों ने भाई-बहन से मारपीट की और उनकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया. भाई-बहन की पहचान जिले के जानीपुर गांव के निवासी मोहन कुमार और सुमन कुमारी के तौर पर हुई.थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि यह घटना तब हुई जब दोनों भाई बहन अपने दिवंगत मामा के अंतिम दर्शन के बाद बलिया थाना अंतर्गत बरबिघी गांव से आ रहे थे. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच 31 (बेगूसराय-खगड़िया मेन रोड) को दो घंटे तक अवरुद्ध रखते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. दोनों से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी आक्रोशित भीड़ को देखकर वहां से भागने में कामयाब रहे. थाना प्रभारी ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिले में बलिया के निकट आज मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है. लोगों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
Labels: big news

0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home